गूलरभोज डाम पर नहाने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया, जो लौटते समय गंभीर रूप ले लिया। बाइक सवार युवकों ने पीछा कर एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ गदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम बेरिया दौलत निवासी गुरदीप सिंह शुक्रवार को दोपहर बाद गूलरभोज डाम नहाने गया था। वहां कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। बाद में वह अपने मौसेरे भाई जगरूप सिंह के साथ सेंट्रो कार से घर लौट रहा था। रास्ते में डलपुरा नहर वाली सड़क पर बाइक सवार युवकों ने उसे रोक लिया।
जैसे ही गुरदीप कार से बाहर निकला, हमलावरों ने उस पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। आरोपियों ने जगरूप सिंह पर भी तमंचा ताना लेकिन फिर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल गुरदीप को पहले बाजपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग उसे काशीपुर के एक अस्पताल ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे बरेली ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें :उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर चांगथांग में हिमस्खलन, कई इलाकों का मुख्यालय से संपर्क टूटा
मामले में दर्ज हुआ मुकदमा
सीओ विभव सैनी ने बताया कि मृतक के भाई गुरदित्त सिंह की तहरीर पर ग्राम बेरिया दौलत निवासी हर्षित बोहरा, रविंद्र उर्फ बिल्लो, सौरभ बाबा और गगन निवासी बांखेड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।