मार्च का पहला सप्ताह शुरू होने में कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन आसन रामसर साइट में प्रवास कर रहे विदेशी पक्षी अपने वतन लौटने लगे हैं। तापमान में बढ़ोतरी और मौसम में बदलाव के कारण इस वर्ष प्रवासी पक्षियों की वापसी पहले ही शुरू हो गई है। शुरुआती दौर में छह प्रजातियों—रेड नेप्ड इबिस, वूली नेक्ड स्टॉर्क, फेरूजिनस पोचार्ड, ग्रेट क्रिस्टेड ग्रेब, ओपन बिल और मालार्ड—ने झील से विदा ले ली है।
हर साल सर्दियों की शुरुआत के साथ ही साइबेरिया, यूरोप, रूस, अफगानिस्तान, ईरान, इराक और हिमालयी ऊंचाई वाले क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पक्षी इस रामसर साइट पर आते हैं। आमतौर पर ये मार्च के पहले सप्ताह तक यहां प्रवास करते हैं, लेकिन इस बार गर्मी जल्दी बढ़ने के कारण कई पक्षी पहले ही लौट चुके हैं।
यह भी पढ़ें :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से न्यूजीलैंड डेलिगेशन ने की शिष्टाचार भेंट
पक्षी विशेषज्ञ अजय शर्मा के अनुसार, प्रवास का समय पूरी तरह से मौसम पर निर्भर करता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी, जिसके कारण पक्षी अपेक्षाकृत जल्दी लौटने लगे। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना है। ऐसे में हो सकता है कि कुछ पक्षी अभी कुछ समय के लिए और ठहर जाएं।