उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए अब तक 13 स्वर्ण सहित कुल 60 पदक जीते हैं। इस शानदार उपलब्धि के साथ राज्य पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने पूरे राज्य को गर्व महसूस कराया है।
शुक्रवार को पदक तालिका में उत्तराखंड 11वें स्थान पर था, लेकिन शनिवार को पांच स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह छठे स्थान पर पहुंच गया। अब तक राज्य के खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण, 22 रजत और 25 कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
स्वर्ण पदकों की बात करें तो मॉडर्न पेंटाथलॉन में उत्तराखंड को सबसे ज्यादा पांच स्वर्ण पदक मिले हैं। वहीं, बॉक्सिंग में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिससे राज्य को तीन स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल हुए। इसके अलावा वुशु, ताइक्वांडो, योगासन, केनोइंग एवं कयाकिंग और लॉन बॉल में भी उत्तराखंड को एक-एक स्वर्ण पदक मिला है।
38वें राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में सर्विसेज 41 स्वर्ण सहित 68 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। कर्नाटक 30 स्वर्ण और 58 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर, जबकि महाराष्ट्र 25 स्वर्ण और 112 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से साबित कर दिया कि यदि लगन और समर्पण हो, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।