
भाजपा की ओर से निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची शुक्रवार को जारी की जाएगी। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में दिग्गज नेताओं ने पालिका और पंचायत अध्यक्ष पदों के प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया। वहीं, मेयर पद के उम्मीदवारों के नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल भाग लिया। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार और महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल ने भी भाग लिया।
यह भी पढ़ें :भू-माफिया गिरोह का भंडाफोड़, ₹20 करोड़ की संपत्ति बचाई गई
बैठक में प्रदेश के सभी निगमों के मेयर, पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के संभावित प्रत्याशियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों के नामों को अंतिम रूप दिया गया, जबकि मेयर पदों के पैनल को केंद्रीय नेतृत्व की स्वीकृति के लिए भेजा गया। पार्टी शुक्रवार शाम तक पहली सूची में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी। इसके बाद वार्ड सभासद और सदस्य पदों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा अगले चरण में की जाएगी।