
प्रदेश में 34 नए क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका पहला प्रमुख लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तैयार किए गए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल ढांचे की देखरेख और सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी भी इन अधिकारियों पर होगी।
रेखा आर्या ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय खेलों के बाद ब्लॉक स्तर पर नए खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी अधिकारियों को निभानी होगी। इसके लिए उन्हें अभी से योजना बनाकर कार्य करना होगा।
खेल मंत्री ने जानकारी दी कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से 34 अधिकारियों का चयन हुआ है। इनमें से 19 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि शेष अधिकारियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब विभाग में जनशक्ति की कमी दूर होगी और इसका सकारात्मक प्रभाव विभाग के प्रदर्शन पर पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान 11 फॉरेंसिक लैब असिस्टेंट को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए। साथ ही गृह विभाग के अंतर्गत 5 फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक दलीप सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, गृह सचिव शैलेश बगोली और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण प्रशांत आर्या सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।