राष्ट्रीय खेल 2025: खिलाड़ियों से मिले सीएम धामी, स्टेडियम में साथ बैठकर किया भोजन
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न स्पर्धाएँ जारी हैं, जिनमें देशभर के करीब 10,000 खिलाड़ी 35 खेलों में 3,674 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी कर उत्तराखंड ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इसी कड़ी में, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे और उनसे मुलाकात कर हौसला बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ भोजन भी किया और उनके अनुभवों को साझा किया।
विशेष रूप से मार्शल आर्ट प्रतियोगिता *वुशु* में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य ने इस स्पर्धा में एक स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक जीते, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। पिछले साल गोवा में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को वुशु में केवल एक कांस्य पदक मिला था, जिसे हर्षित शर्मा ने जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए रजत पदक हासिल किया।
उत्तराखंड की बेटी ज्योति वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर राज्य के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया, जबकि अचोम तपस के स्वर्ण पदक ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा भर दी। इसके अलावा, इलाबाम इटाली चानू, फेब्रिस देवी और हर्षित शर्मा ने रजत पदक जीतकर उत्तराखंड को राष्ट्रीय पदक तालिका में शीर्ष 11 राज्यों में शामिल कर दिया।
उत्तराखंड के इस बेहतरीन प्रदर्शन ने राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है और खिलाड़ियों को आगे और बेहतर करने की प्रेरणा दी है।